व्यापार मंडल की सदस्यता व्यापारियों के मान-सम्मान और सुरक्षा की गारंटी है सुशांत कुमार केसरवानी
प्रयागराज - व्यापार मंडल की जिला कार्यसमिति की बैठक में आगामी 29 जून को प्रस्तावित “व्यापारी दिवस” कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि शहर के विभिन्न बाजारों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को व्यापारी दिवस के मंच से प्रभावी रूप से उठाया जाएगा।*
बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि निम्नलिखित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा:
1. चौक, कटरा एवं मुट्ठीगंज क्षेत्रों में जाम, अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या
2. बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था (चोरी, पुलिस गश्त)
3. नगर निगम द्वारा चालान एवं उत्पीड़न
4. बिजली बिल एवं मीटर संबंधी अनियमितताएँ
5. GST की जटिलताएँ एवं छोटे व्यापारियों की समस्याएँ
6. ऑनलाइन व्यापार से स्थानीय व्यापार पर पड़ रहा प्रभाव
7. नगर निगम द्वारा दुकानों/व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से “जल कर” के स्थान पर “जल मूल्य” लागू किया जाए
8. महान दानवीर भामाशाह जी की मूर्ति व्यापारी दिवस से पूर्व स्थापित की जाए
9. वृहद सदस्यता अभियान चलाकर कम से कम 5000 व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य
10. संगठन को मजबूत करने हेतु विधानसभा वार कमेटियों का गठन किया जाए
बैठक में विभिन्न बाजारों—चौक, कटरा, सिविल लाइंस,कीडगंज,मुट्ठीगंज आदि—से आए व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को विस्तार से रखा और समाधान की मांग की। आज की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता ने की तथा संचालन जिला कोषाध्यक्ष राजीव तिवारी द्वारा किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि व्यापारी समाज शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारी हितों की आवाज प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएगी।
विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और व्यापारी दिवस के माध्यम से यह संदेश और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा वृहद सदस्यता अभियान चलाकर 5000 व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा सभी व्यापारियों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे GST का रजिस्ट्रेशन व्यापारियों के लिए सरकार द्वारा व्यापार करने का वैध लाइसेंस है, वैसे ही व्यापार मंडल की सदस्यता व्यापारियों के मान-सम्मान और सुरक्षा की गारंटी है।
अंत में सभी पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने व्यापारी दिवस कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया। आज मुख्य रूप से संरक्षक कृष्ण मोहन गुप्ता, जिलाध्यक्ष जूही श्रीवास्तव,संतोष गुप्ता, नगर अध्यक्ष सुनीता चोपड़ा,नगर महामंत्री विजय केसरवानी (कटरा) नगर अध्यक्ष संतोष गुप्ता,धीरज केसरवानी,सुरेश चौरसिया,जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता, युवा अध्यक्ष अन्नू केसरवानी,नगर उपाध्यक्ष सौरभ गुप्ता,सुशील जायसवाल,कमलेश यादव,संजीव मेहरोत्रा,शिवम चौरसिया,प्रेम चंद्र, बनारसी साहू,अन्नत लाल,यशोदा नंदन,शिव जी साहू आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - जाबिर अली


No Previous Comments found.