तपती सड़कों पर इंसानियत का पहरा, प्यासे राहगीरों के लिए राहत बनकर उतरी गरीब नवाज़ राहत फाउंडेशन
प्रयागराज - दावत-ए-इस्लामी हिंद के वेलफेयर विभाग गरीब नवाज़ राहत फाउंडेशन ने संगम नगरी प्रयागराज में पड़ रही प्रचंड गर्मी और आग उगलती धूप के बीच इंसानियत की मिसाल पेश की है। शहर में बढ़ते तापमान और लू के थपेड़ों से बेहाल लोगों को राहत पहुंचाने के लिए संस्था की ओर से अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर ठंडे और स्वच्छ पेयजल के स्टॉल, यानी सबील, लगाए गए हैं। इस मानवीय पहल का उद्देश्य सिर्फ पानी पिलाना नहीं, बल्कि उस इंसानियत को जिंदा रखना है जो आज की भागदौड़ भरी दुनिया में कहीं खोती जा रही है। सड़क पर सफर करने वाले मुसाफिर, दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक, बाजारों में खरीदारी करने वाले लोग और धूप में घंटों काम करने वाले राहगीर इन सबीलों पर पहुंचकर राहत की सांस ले रहे हैं। संस्था द्वारा शहर के भीड़भाड़ वाले और अत्यधिक आवाजाही वाले इलाकों को चिन्हित कर वहां यह व्यवस्था की गई है। बस अड्डों, रेलवे स्टेशन के आसपास, बाजारों और मुख्य मार्गों पर लगाए गए इन स्टॉलों पर लोगों को बिल्कुल मुफ्त ठंडा और फिल्टर्ड पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। सबसे खास बात यह है कि सिर्फ पानी बांटने तक ही यह सेवा सीमित नहीं है, बल्कि साफ-सफाई और स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। फाउंडेशन के सेवादार लगातार पानी की गुणवत्ता की निगरानी कर रहे हैं ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पानी मिल सके। प्रयागराज जीएनआरएफ डिवीजन के जिम्मेदार मोहम्मद खालिद अत्तारी, मौलाना हबीबुर रहमान मदनी, नजर नवाज अत्तारी, अब्दुल कादिर अत्तारी, सोहेल भाई, अरशद अत्तारी और अफजल अत्तारी समेत पूरी टीम सुबह से शाम तक सेवा में जुटी हुई है। तपती धूप के बीच यह टीम राहगीरों को अपने हाथों से पानी पिलाकर मानव सेवा का संदेश दे रही है। संस्था से जुड़े जिम्मेदारों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में पानी सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। ऐसे समय में किसी प्यासे इंसान तक ठंडा पानी पहुंचाना सबसे बड़ी इंसानी खिदमत है। उनका कहना है कि उद्देश्य सिर्फ सेवा करना है ताकि कोई भी व्यक्ति प्यास से परेशान न हो। गौरतलब है कि गरीब नवाज़ राहत फाउंडेशन देशभर में सामाजिक और मानवीय कार्यों के लिए पहचान रखता है। जरूरतमंदों की मदद, मुफ्त इलाज, राहत कार्य,पेड़ लगाने और आपदा के समय सहायता पहुंचाने जैसे अनेक अभियानों में संस्था लगातार सक्रिय भूमिका निभाती रही।
रिपोर्टर - जाबिर अली


No Previous Comments found.