माफिया अतीक अहमद द्वारा कब्जा की गई संपत्तियों पर गरीबों का आशियाना बनाने की तैयारी
प्रयागराज : माफिया अतीक अहमद ने दक्षिणी क्षेत्र में सरकारी और निजी संपत्तियों पर कब्जा किया था। करीब 160 करोड़ रुपये की 27 बीघा जमीन की रजिस्ट्री पर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। कुर्क के बाद इस संपत्ति को गरीबों का आशियाना बनाने की तैयारी चल रही है।
अतीक और उसके भाई अशरफ ने जबरन कब्जा कर अपने गुर्गों व करीबियों के नाम जमीन कर दी थी। इनके मारे जाने के बाद पुलिस आयुक्त कार्यालय ने जिला प्रशासन और निबंधन विभाग को सूची देकर बैनामों पर रोक लगाने की सिफारिश की थी।
निबंधन विभाग ने संपत्ति की रजिस्ट्री से इनकार कर दिया। उप निबंधक सदर प्रथम चतुर्भुज पांडेय ने बताया कि मदन लाल पुत्र मोहन लाल (कसारी-मसारी) द्वारा जमीन रजिस्ट्री की फाइल आई थी, जिसे वापस कर दिया गया। प्रशासन ने रजिस्ट्री पर रोक लगाई है।
अतीक और अशरफ द्वारा कब्जा की गई लगभग 100 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर बल्डोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया गया है। कई बिल्डिंग, मकान और प्लॉट थे। प्लॉटों की चहारदीवारी ढहाई गई है।
लूकरगंज में बड़े प्लॉट को कब्जा मुक्त कराकर बहुमंजिला भवन बनवाया गया, जिसे गरीबों को दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भवन की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया था।
पुलिस और प्रशासन की सूची में 70 से अधिक संपत्तियों की रजिस्ट्री पर रोक लगाई गई है। एक संपत्ति रजिस्ट्री कराने की कोशिश की गई, जिसे पकड़ लिया गया और बैनामा करने से मना कर दिया गया।
रिपोर्टर : जाबिर अली


No Previous Comments found.