दिव्य ज्योति निकेतन का वार्षिक उत्सव प्रेरणा और प्रतिभा का बना मंच

प्रयागराज : प्रयागराज के नाज़रेथ हॉस्पिटल सोसाइटी की इकाई दिव्य ज्योति निकेतन का वार्षिक उत्सव रविवार को सेंट जोसेफ कॉलेज सभागार में उत्साह एवं भावनात्मक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दृष्टिबाधित छात्राओं ने नृत्य, गीत, कव्वाली, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना नृत्य एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद बैलून डांस, डांडिया, फ्यूजन डांस, राजस्थानी नृत्य, कव्वाली, “महाभारत कथा” तथा “कर्म का फल” जैसे नाटकों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत “डगर है मुश्किल” समूह गीत एवं ऑर्केस्ट्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिशप लुईस मस्करेन्हास ने की, जबकि मुख्य अतिथि इलाहाबाद उत्तरी  के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी रहे। उन्होंने छात्राओं के साहस, प्रतिभा एवं आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
इस अवसर पर संस्था की यात्रा एवं उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में नाज़रेथ हॉस्पिटल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों, शिक्षकों एवं मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा दिव्यांशी एवं सीबीएसई परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा एकता सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को साहस, शिक्षा और आत्मविश्वास का प्रेरणादायक संदेश दिया।

रिपोर्टर : जाबिर अली

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.