बेटे ने दोस्त संग मिलकर की परिवार की हत्या, लूट के बाद साथी ने भी उतारा मौत के घाट
प्रयागराज : साउथ मलाका क्षेत्र में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कारोबारी परिवार की हत्या उनके बेटे अभिषेक ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद दोनों घर में रखे करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के गहने लेकर फरार हो गए थे। सूत्रों के अनुसार, लूटे गए गहनों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि अभिषेक के दोस्त ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी भी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी कमरे में ताला लगाकर गहनों के साथ फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच जारी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य अपने बेटे अभिषेक को संपत्ति से बेदखल करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बात को लेकर वह परिवार से नाराज चल रहा था। पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से जांच रही है।
मंगलवार को साउथ मलाका स्थित घर से कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य (70), उनकी पत्नी अनीता वैश्य (65), बेटी मीनाक्षी वैश्य (45) और बेटे अभिषेक वैश्य (40) के शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुए थे। चारों की सिर कुचलकर निर्मम हत्या की गई थी, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई।
घटनास्थल से पुलिस को एक हस्तलिखित नोट भी मिला है, जिस पर लाल पेन से लिखा था— "बेटी, बबली और बहू ने मारा।" पुलिस नोट की सत्यता, लिखावट और उसके पीछे की मंशा की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में अंतिम और आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
प्रयागराज में चौहरे हत्याकांड का खुलासा! बेटे ने रची साजिश, दोस्त ने कर दिया उसका भी कत्ल साउथ मलाका हत्याकांड में पुलिस जांच से चौंकाने वाले खुलासे
रिपोर्टर : डीके मिश्रा
No Previous Comments found.