यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को सोमवार को बड़ा झटका लगा
प्रयागराज : सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए उनसे उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की जिम्मेदारी वापस ले ली है। अब एक्सप्रेस-वे के निर्माण और विकास से जुड़ी सभी जिम्मेदारी सीधे सीएम योगी संभालेंगे।
इसके लिए यूपीडा को औद्योगिक विकास विभाग से हटाकर बुनियादी ढांचा एवं औद्योगिक विकास विभाग से जोड़ दिया गया है। अभी तक यूपीडा से जुड़ी परियोजनाओं, बजट और मंजूरी से संबंधित फाइलें औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' के जरिए आगे बढ़ती थीं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद ये फाइलें सीधे मुख्यमंत्री ऑफिस से क्लियर की जाएंगी। सरकार ने क्यों किया बदलाव? सरकार का कहना है कि इससे बुनियादी ढांचा विकास और औद्योगिक विकास से जुड़े विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा। साथ ही फैसले लेने की प्रक्रिया भी तेज होगी। परियोजनाओं में अनावश्यक देरी कम होगी।
हालांकि, कहा जा रहा है कि सीएम योगी ने तबादला सत्र में उठे विवाद के बाद मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के पर कतरे हैं। सत्ता के गलियारों में इसे नंदी और विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार के बीच चल रही खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, नंद गोपाल गुप्ता नंदी की ओर से यूपीडा में अधिकारियों की नियुक्ति और प्रतिनियुक्ति पर सवाल खड़े किए जाते रहे हैं। यूपीडा के कामकाज को लेकर भी नंदी का दखल था। नंदी ने पिछले दिनों विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार की सीएम योगी से शिकायत की थी। यूपीडा के कामकाज को नंदी के दखल से दूर करने के लिए ही उसे अवस्थापना विभाग के अधीन किया है। अवस्थापना विभाग मुख्यमंत्री योगी के पास ही है। नंदी ने पूर्व मुख्य सचिव के खिलाफ भी मोर्चा खोला
नंद गोपाल नंदी ने पिछले साल तत्कालीन मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने दिल्ली तक शिकायत कर उन्हें सेवा विस्तार नहीं देने की पैरवी की थी। भारत सरकार ने मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार नहीं दिया था। लेकिन, सीएम योगी ने उन्हें ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था।
2007 में बना था यूपीडा
यूपीडा का गठन 27 दिसंबर, 2007 को राज्य में एक्सप्रेस-वे बनाने और औद्योगिक गलियारों के विकास के लिए किया गया था। बाद के सालों में इसकी भूमिका मुख्य रूप से एक्सप्रेस-वे और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के निर्माण तक केंद्रित हो गई।
रिपोर्टर : डीके मिश्रा
No Previous Comments found.