प्रयागराज में केसरवानी वैश्य सभा का 35वां आदर्श निशुल्क सामूहिक विवाह संपन्न
प्रयागराज - केसरवानी वैश्य सभा द्वारा आयोजित 35वां आदर्श निशुल्क सामूहिक विवाह समारोह रविवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। विवाह समारोह केसरवानी वैश्य सभा धर्मशाला एवं ठाकुर दीन ट्रस्ट प्रांगण, 116 बहादुरगंज, ठाकुर दीन का हाता, प्रयागराज में आयोजित किया गया। इस बार भी सभा ने जरूरतमंद जोड़ों का बिना किसी शुल्क के विवाह संपन्न कराकर सामाजिक समरसता का उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' और प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथियों ने कहा कि केसरवानी वैश्य सभा द्वारा पिछले 35 वर्षों से निशुल्क सामूहिक विवाह का आयोजन कर समाज के कमजोर वर्ग को संबल देने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। यह परंपरा समाज में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और दहेज मुक्त विवाह का संदेश भी देती है। समारोह में सभा के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुए विवाह के बाद सभी जोड़ों को गृहस्थी का सामान और उपहार भी भेंट किए गए।
रिपोर्टर - जाबिर अली
No Previous Comments found.