युवा पत्रकारों को पत्रकारिता के उच्च मानकों से रूबरू कराने के लिए होगी कार्यशाला

लखनऊ - नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे), उत्तर प्रदेश की एक आवश्यक बैठक मंगलवार को प्रदेश इकाई के संयोजक प्रमोद गोस्वामी के आवास पर प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में युवा पत्रकारों को बदलते दौर की पत्रकारिता की चुनौतियों से परिचित कराने और पत्रकारिता के उच्च मानकों को स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वरिष्ठ पत्रकार  प्रभात रंजन दीन के नेतृत्व में शीघ्र ही एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें युवा पत्रकारों को शासन-प्रशासन के साथ बेहतर सामंजस्य स्थापित करने, पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने तथा बदलते परिवेश में प्रभावी एवं जिम्मेदार पत्रकारिता के तौर-तरीकों की जानकारी दी जाएगी। प्रभात रंजन दीन ने कार्यशाला के आयोजन का आश्वासन दिया।

एनयूजे के संरक्षक वीरेंद्र सक्सेना ने युवा पत्रकारों को बदलते परिवेश में पत्रकारिता को फिर से ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए गंभीरता, अध्ययन और मेहनत को जरूरी बताया। प्रदेश संयोजक प्रमोद गोस्वामी ने कहा कि युवा पत्रकारों को लिखने के साथ-साथ पढ़ने पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। जितना अधिक अध्ययन होगा, उतना ही बेहतर और अधिकारपूर्वक लिखा जा सकेगा।

प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे ने कहा कि आज की पत्रकारिता में कई लोग मेहनत कम और सम्मान अधिक पाना चाहते हैं, जो संभव नहीं है। युवा पत्रकारों को चाहिए कि वे लगातार श्रम करें, पढ़ें और लिखें। उन्होंने कहा कि यदि किसी विषय को समझने में कठिनाई हो तो वरिष्ठ पत्रकारों से पूछने में संकोच नहीं करना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार युवा साथियों की हरसंभव मदद के लिए तैयार हैं।

छह वरिष्ठ पत्रकार एनयूजे में शामिल

बैठक के दौरान छह वरिष्ठ पत्रकारों ने एनयूजे की सदस्यता ग्रहण की। वरिष्ठ पत्रकार प्रभात रंजन दीन, के. बक्श सिंह, वरिष्ठ फोटोग्राफर  इंद्रेश रस्तोगी, राकेश कुमार सिंह और दीपक सिंह एनयूजे का हिस्सा बने। बैठक में के. बक्श सिंह की एनयूजे में वापसी को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना गया।

प्रदेश कमेटी में नई जिम्मेदारियां

बैठक में वरिष्ठ पत्रकार शेखर पंडित और अशोक कुमार शुक्ला को प्रदेश कमेटी में सचिव नियुक्त किया गया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार  लखन लाल मिश्र को प्रदेश की एग्जीक्यूटिव कमेटी का सदस्य घोषित किया गया। बैठक में लखनऊ इकाई के अध्यक्ष आशीष मौर्य, कोषाध्यक्ष सुनील मिश्र, उपाध्यक्ष पूनम सिंह, अश्वनी जायसवाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

रिपोर्टर - डी.के.मिश्र 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.