शालू विश्वकर्मा के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा मां दुर्गा का पंडाल
उरूवा, प्रयागराज : शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर विकासखंड उरूवा के सिटकी ग्रामसभा में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। श्री नवदुर्गा पूजा कमेटी की ओर से स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और मां के जयकारों से पूजा पंडाल भक्तिमय हो उठा है।
नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद आयोजित भजन संध्या में भजन गायिका शालू विश्वकर्मा और गायक रामेश्वर तिवारी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शालू विश्वकर्मा ने जैसे ही ‘सजा दो दर मेरी माता, नवरात्रि मां की आई है’ भजन प्रस्तुत किया, पंडाल मां के जयकारों से गूंज उठा। उनकी मधुर आवाज और भक्ति से सराबोर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
इस अवसर पर संतलाल विश्वकर्मा, राजमणि विश्वकर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, सुधीर सिंह, धीरेंद्र प्रताप सिंह, सूरज विश्वकर्मा, राहुल गुप्ता, रोहित गुप्ता, मोहित गुप्ता, सौरभ विश्वकर्मा, सत्यम विश्वकर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर श्री नवदुर्गा पूजा कमेटी, सिटकी की ओर से पत्रकारों और भजन कलाकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कमेटी के सदस्यों ने बताया कि नवरात्र के दौरान प्रतिदिन मां की पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन जारी रहेगा।
रिपोर्टर : बुद्धसेन वर्मा

No Previous Comments found.