मेजा के उपरोड़ा गांव में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, खाने को लेकर विवाद के बाद आत्महत्या
मेजा - प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के उपरोड़ा गांव में एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की पहचान 21 वर्षीय सीता निषाद पत्नी धीरज निषाद के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात धीरज अपनी बहन को छोड़ने के लिए भटौती गांव गया हुआ था। इसी दौरान घर में खाने को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद सीता ने घर के आंगन में लगे नीम के पेड़ से फांसी लगा ली। मृतका का मायका मई पताई क्षेत्र में बताया जा रहा है।
सूचना पर चौकी इंचार्ज प्रभाकर शुक्ला महिला पुलिसकर्मियों और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और रविवार दोपहर करीब 12 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की सास अमरावती देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में पारिवारिक विवाद का जिक्र किया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : बुद्धसेन वर्मा

No Previous Comments found.