छात्र सम्मेलन का भव्य आयोजन, पूर्व विधायक ने कहा - शिक्षा ही जीवन की चाभी
हंडिया - प्रयागराज धैर्यविक एजुकेशन हेल्थ केयर संस्था की ओर से छात्र-छात्रा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हंडिया के पूर्व विधायक प्रशांत कुमार सिंह राहुल शामिल हुए। उन्होंने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व विधायक प्रशांत कुमार सिंह राहुल ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी चाभी है। शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है और समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और अनुशासन को अपने जीवन का मूलमंत्र बनाने का आह्वान किया। कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का युग है, इसमें वही आगे बढ़ेगा जो निरंतर परिश्रम करेगा।
संस्था के डायरेक्टर विकास कुमार गुप्ता ने कहा कि यह संस्था केवल शिक्षा ही नहीं दे रही, बल्कि रोजगार भी दे रही है। इस संस्थान के माध्यम से अब तक सैकड़ों छात्र-छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है, जो हमारे लिए गर्व की बात है। संस्था का मुख्य उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम का कुशल संचालन रमेश यादव ने किया। सम्मेलन के दौरान छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा देखकर उपस्थित अतिथियों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर पूर्व प्रधान आलोक सिंह बाबा, महेंद्र गुप्ता, पत्रकार नन्दलाल गुप्ता नंदी, पत्रकार अरुण कुमार मौर्य, आशीष कुमार गुप्ता, जय सिंह अग्रहरी, एडवोकेट विनोद यादव, पत्रकार पूजा यादव, पत्रकार गोपाल पाण्डेय, रवि सिंह, प्रकाश गुप्ता, डॉ. पवन गुप्ता, धनंजय मौर्य सहित सैकड़ों गणमान्य लोग, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर - अरुण कुमार मौर्य

No Previous Comments found.