पैदल आए बदमाशों ने कनपटी पर सटाकर मारी गोली, रेलवे लाइन से हुए फरार
प्रयागराज - शाम चाय की दुकान पर बैठे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक चाय पी रहा था, तभी दो बदमाश पैदल वहां पहुंचे और कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी रेलवे लाइन की ओर भाग निकले। मृतक की पहचान विजय नारायण उर्फ मिंटू (38) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह राजनारायण पटेल की दुकान पर बैठकर चाय पी रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही मऊआइमा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिवार में पत्नी सरोज देवी, 8 साल की बेटी रीत और 4 साल का बेटा अर्पित हैं। मिंटू तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई का नाम उदय प्रकाश पटेल और छोटे भाई का नाम सचिन पटेल बताया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना की जांच के दौरान करीब एक साल पुरानी एक घटना से जुड़े रंजिश के एंगल की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
एएसपी फूलपुर राजकुमार सिंह के मुताबिक, हत्या के हर पहलू की जांच की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्टर - जाबिर अली

No Previous Comments found.