भगवान शालिग्राम ने खाई खिचड़ी, भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

प्रयागराज : प्रयागराज मे भगवान श्री आनंद बिहारी विराजमान राधा कृष्ण मंदिर सब्जीमंडी शाहगंज में भगवान श्री शालिग्राम और तुलसी विवाह के क्रम में शनिवार दोपहर खिचड़ी की रस्म अदा हुई। भगवान शालिग्राम जी ने खिचड़ी (खीर) खाई और महिलाओं ने गारी गाई। शाम को भक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। 

इस अवसर पर पूरा मन्दिर परिसर भक्तिमय बना रहा। बता दें कि उक्त मन्दिर में लम्बे समय से भगवान शालिग्राम और श्री तुलसी जी का विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम लगभग सात दिनों तक चलता है। बुधवार को तिलक का कार्यक्रम हुआ तो बृहस्पतिवार को हल्दी और मठमंगरा के कार्यक्रम हुए। शुक्रवार को (शोभायात्रा) निकाली गई और रात्रि में शास्त्रोक्त रीति से विवाह सम्पन्न हुआ। आज शनिवार को खिचड़ी और भंडारे का आयोजन हुआ। दोपहर में जब खिचड़ी की रस्म अदा हुई तो मण्डप और उसके इर्द गिर्द बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। मंदिर के पुजारी पंडित दिगम्बर प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि नेग के रूप में भगवान को गाय माता भेंट की गईं। उन्होंने बताया कि खिचड़ी के रूप में भगवान को खीर का भोग अर्पित किया गया। इसलिए गाय माता का भेंट किया जाना बहुत ही शुभ है। 

इसके बाद शाम को भंडारे का कार्यक्रम शुरू हुआ, जो आधी रात के बाद तक जारी रहा। श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि भीड़ होने के बावजूद वे बड़े ही धैर्य के साथ प्रसाद पाने की प्रतीक्षा करते रहे। सभी की इच्छा बस यही थी कि प्रतीक्षा चाहे जितनी करनी पड़े लेकिन भगवान के प्रसाद से न वंचित होना पड़े।

रिपोर्टर : जाबिर अली 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.