मेजा में बुद्धिजीवी पत्रकार संघ की बैठक सम्पन्न, जय प्रकाश द्विवेदी अध्यक्ष नियुक्त
प्रयागराज : बुद्धिजीवी पत्रकार संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को मेजा में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों के हितों की रक्षा और क्षेत्र में पत्रकारिता के स्तर को और मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार जय प्रकाश द्विवेदी को संघ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकारों की उपस्थिति में की गई। बैठक में पत्रकार कृष्ण प्रकाश द्विवेदी, पत्रकार प्रेमानंद मिश्रा, पत्रकार राहुल मिश्रा व पत्रकार विनय मिश्रा ने जय प्रकाश द्विवेदी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित सभी पत्रकारों ने करतल ध्वनि के साथ समर्थन किया। प्रस्ताव के बाद सर्वसम्मति से जय प्रकाश द्विवेदी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद जय प्रकाश द्विवेदी ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों की एकता, उनके सम्मान की रक्षा और निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह सभी पत्रकारों को साथ लेकर चलेंगे और किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
बैठक में पत्रकार पीयूष मिश्रा ने कहा कि आज के समय में पत्रकारों को संगठित रहने की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकार एकजुट रहेंगे, तभी समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। उन्होंने नव नियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संघ नई ऊंचाइयों को छुएगा।
पत्रकार प्रेमानंद मिश्रा ने कहा कि बुद्धिजीवी पत्रकार संघ हमेशा से पत्रकारों के हित में कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष के रूप में जय प्रकाश द्विवेदी का अनुभव संगठन के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि मेजा क्षेत्र के पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने क्षेत्र में बढ़ रही पत्रकारों की समस्याओं, प्रशासन से समन्वय, पत्रकार सुरक्षा, पहचान पत्र, स्वास्थ्य सुविधा और पत्रकारों के खिलाफ हो रहे उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। सभी ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी पत्रकारों ने नव नियुक्त अध्यक्ष जय प्रकाश द्विवेदी को माल्यार्पण कर बधाई दी और मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ पत्रकार, युवा पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : बुद्धसेन वर्मा

No Previous Comments found.