सेंट जोसेफ कॉलेज में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
प्रयागराज : सेंट जोसेफ कॉलेज, प्रयागराज के प्रांगण में शुक्रवार, 20 नवंबर को 142वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता एवं पीटी प्रदर्शन का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं 1976 बैच के हरियाणा कैडर के सेवानिवृत्त अधिकारी आलोक जोशी रहे। उन्होंने वर्ष 2025 में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष का पदभार भी संभाला था। विशिष्ट अतिथि के रूप में रेव. फादर जैकब बोना डिसूजा (सेंट जोसेफ कॉलेज के पूर्व उप-प्रधानाचार्य एवं वर्तमान में सेंट पीटर्स कॉलेज रायबरेली के प्रिंसिपल एफआर बोना उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा एक से पांच के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया मुख्य अतिथि ने विद्यालय के ध्वज को फहराया। विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक रेव. फादर लॉरेंस फर्नांडिस ने अतिथियों का अभिनंदन किया। प्रधानाचार्य रेव. फादर वाल्टर डिसिल्वा ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।
खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अलग-अलग वर्गों में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं के दौरान बच्चों में जीत हासिल करने का उत्साह दिखाई दिया, वहीं खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का भी परिचय दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जूनियर विद्यालय के विद्यार्थियों का पीटी प्रदर्शन रहा। कक्षा दो से पांच तक के बच्चों ने चार अलग-अलग हाउस के अंतर्गत आकर्षक शारीरिक व्यायाम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने रेनबो, पुलिस लाइन, फ्रॉग पेराशूट, डायनामिक तथा अन्य सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी शारीरिक दक्षता और तालमेल का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
दौड़ प्रतियोगिताओं में विभिन्न वर्गों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। 100 मीटर दौड़ के वर्ग डी में कार्तिकेय यादव ने प्रथम, अल्तमस कबीर ने द्वितीय और रुद्रांश प्रताप सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वर्ग ई में आदिक सिंह प्रथम, अफगान अहमद द्वितीय और मीर अहमद तृतीय रहे। वर्ग एफ में सतेन्द्र सिंह ने पहला, सय्यद रुवैह अहमद ने दूसरा और गोदीन मसीह ने तीसरा स्थान हासिल किया।
200 मीटर दौड़ के वर्ग ई में वैभव प्रताप ने प्रथम, शौर्य मिश्रा ने द्वितीय और आरुष दत्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वर्ग एफ में सतेन्द्र सिंह प्रथम, शिवांश कुशवाहा द्वितीय और देवांश पांडेय तृतीय रहे। वहीं जूनियर वर्ग की दौड़ में कक्षा एक के नमन प्रताप पाण्डेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में जूनियर विद्यालय का विजेता पदक रेड हाउस और उपविजेता पदक गोल्ड हाउस के नाम रहा। व्यक्तिगत पुरस्कारों में कार्तिकेय यादव को बेस्ट स्पोर्ट्समैन ट्रॉफी तथा गणित सिंह को बेस्ट ऑलराउंडर ट्रॉफी प्रदान की गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि आलोक जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनकी मेहनत और प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक रेव. फादर लॉरेंस फर्नांडिस, प्रधानाचार्य रेव. फादर वाल्टर डिसिल्वा, उप-प्रधानाचार्य एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। पूरे आयोजन में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया।
रिपोर्टर : जाबिर अली

No Previous Comments found.