फर्जी LLB डिग्री से बन गए वकील! 105 के खिलाफ कार्रवाई, 39 पर FIR
उत्तर प्रदेश से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां इंसाफ के मंदिर में दूसरों की पैरवी करने वाले खुद कटघरे में आ खड़े हुए हैं! जी हां, प्रयागराज में फर्जी एलएलबी मार्कशीट के दम पर काला कोट पहनने वाले फर्जी वकीलों पर कानून का बहुत बड़ा हथौड़ा चला है!
वहीं हाईकोर्ट के एक कड़े आदेश के बाद उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की नींद खुली और जब जांच की परतें उधड़नी शुरू हुईं, तो फर्जीवाड़े का एक ऐसा सिंडिकेट सामने आया जिसने पूरे तंत्र को हिलाकर रख दिया है! सिविल लाइंस थाने में तीन दिनों के भीतर 39 वकीलों पर ताबड़तोड़ FIR दर्ज हो चुकी हैं... और यह तो बस शुरुआत है! कुल 105 वकीलों पर फर्जी डिग्री के आधार पर 'सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस' ऐंठने का आरोप है!
आपको बता दें उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सचिव आर.के. शुक्ला की तहरीर पर 105 वकीलों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। 'मोहम्मद कफील बनाम यूपी सरकार' मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने फर्जी वकीलों पर नकेल कसने और प्राथमिकी दर्ज कराने का ऐतिहासिक आदेश दिया था। वहीं सहारनपुर के दीपक कश्यप नाम के वकील की डिग्री जब पिलानी की श्रीधर यूनिवर्सिटी भेजी गई, तो यूनिवर्सिटी ने साफ कह दिया कि मार्कशीट का पूरा पुलिंदा ही फर्जी और मनगढ़ंत है! जिसके बाद आरोपी वकीलों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी कागजात को असली बताकर इस्तेमाल करना के तहत मुकदमा ठोका गया है।
ऐसे में देखा जाए तो साफ है कि बार काउंसिल की इस बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक ने यूपी के कई राज्यों में फैले फर्जी डिग्री रैकेट की पोल खोल कर रख दी है। दूसरे राज्यों के कॉलेजों से फर्जी एलएलबी की डिग्रियां खरीदकर जो लोग फर्जी तरीके से अदालतों में पैरवी कर रहे थे, अब उनके खुद जेल जाने की नौबत आ गई है!
प्रयागराज पुलिस का कहना है कि यह तो अभी सिर्फ शुरुआती चरण है... जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, कई और बड़े नाम और फर्जी शिक्षण संस्थानों के चेहरे बेनकाब होंगे! कानून के रखवालों की आड़ में छिपे इन जालसाजों पर अब खाकी का शिकंजा कस चुका है!
No Previous Comments found.