बच्चों में देशप्रेम और नैतिकता जगाना सबसे बड़ी जरूरत -न्यायमूर्ति नीरज
प्रयागराज : भारत भाग्य विधाता और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में विद्यालयों में बालक बालिकाओं के अंदर राष्ट्र प्रेम और नैतिकता जागृत हो इसके लिए चलाए जा रहे कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए न्यामूर्ति नीरज तिवारी ने कहा कि आज की सबसे बड़ी जरूरत बालक और बालिकाओं के अंदर देशप्रेम और नैतिकता जगाना है।
जीजीआईसी में आयोजित शहर के प्रधानाचार्यों की बैठक में बोलते हुए न्यायमूर्ति तिवारी ने कहा कि इस कार्यक्रम को शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में भी ले जाना चाहिए।
भारत भाग्य विधाता के मार्गदर्शक सदस्य प्रो. के बी पांडेय पूर्व अध्यक्ष लोकसेवा ने बताया कि हम पहले नैतिकता अपने घर के बड़े बुजुर्गों से सीखते थे ,आज जेन जी के जमाने में बहुत कुछ बदल रहा है। ऐसे में भारत भाग्य विधाता का यह कार्यक्रम अत्यंत प्रभावी होगा। बच्चों के अंदर आजाद गाथा सुनकर देश प्रेम और नैतिकता को प्रेरित करेगा।
"आजादी चाहने वालों की आजाद गाथा" के संयोजक और गाथा सुनाने वाले वीरेन्द्र पाठक ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला और बताया कि चंद्रशेखर आजाद सहित प्रयागराज के शहीदों की कहानी को गत वर्ष भी बच्चों के बीच सुनाया गया था। इसका सकरात्मक परिणाम रहा। इस वर्ष भी खास तौर पर शहीदों के चरित्र को बच्चों को सुनाया जाएगा । जिससे उनके अंदर भी चंद्रशेखर आजाद व उन बलिदानियों की तरह देश प्रेम के लिए भाव जागृत हो।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने कहा कि विद्यालयों में "संस्कृति एवं विरासत क्लब" के जरिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जेन जी के बच्चों के अंदर उन महान विभूतियों की कहानी को बताना एकमात्र उद्देश्य है कि भारतीय संस्कृति कैसी थी । आज लोग प्रधानमंत्री को गाली दे देते हैं, क्या वह अपने घर के माता-पिता को भी गाली देंगे ? और फिर यही रवैया क्या वह विद्यालय में अपने अध्यापक और प्रधानाध्यापक के साथ कर सकते हैं। बालक बालिकाएं नैतिक हो, अच्छा आचरण करें इसका यह प्रयास है।
"चलो कुछ अच्छा करें".. अभियान की व्याख्या सुनीता मिश्रा ने की।
इस अवसर पर जीजीआईसी की प्रधानाचार्य नीलम मिश्रा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य की ओर से इस तरह के कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में शहर के प्रमुख विद्यालयों के प्रधानाचार्य वोडल अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस तरीके के कार्यक्रम की उपयोगिता बताते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।
रिपोर्टर : जाबिर अली
No Previous Comments found.