सेशेल्स में पीएम मोदी को मिला सर्वोच्च सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर सेशेल्स में हैं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। राजधानी विक्टोरिया स्थित स्टेट हाउस में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ अहम द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को सेशेल्स का सर्वोच्च सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ भी प्रदान किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में नेतृत्व के लिए दिया जाता है।

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय सेना की असम रेजिमेंट, भारतीय नौसेना की टुकड़ी और सैन्य बैंड ने परेड में हिस्सा लेकर भारत की उपस्थिति को विशेष बना दिया। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी दिनभर कई महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें डिजिटल सहयोग, स्वास्थ्य, और विकास साझेदारी जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। 

इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल टेक्नोलॉजी दोनों देशों के बीच दूरी को कम करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत का सफल डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर अनुभव सेशेल्स के साथ साझा किया जाएगा और UPI को लागू करने को लेकर दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच पिछले 50 वर्षों में रिश्ते भरोसे और सहयोग की मजबूत नींव पर विकसित हुए हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान वैक्सीन आपूर्ति और अब जन औषधि योजना से जुड़ी साझेदारी इस संबंध को और मजबूत कर रही है। 

हिंद महासागर क्षेत्र को साझा जिम्मेदारी बताते हुए प्रधानमंत्री ने भारत के “MAHASAGAR विजन” का उल्लेख किया और कहा कि इस क्षेत्र की सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि दोनों देशों की साझा प्राथमिकता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय प्रवासियों से मुलाकात, नेशनल असेंबली को संबोधन और राष्ट्रीय दिवस समारोह में भागीदारी जैसे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का भी कार्यक्रम रखा है।

सेशेल्स में प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और सेशेल्स के संबंधों को एक नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। डिजिटल सहयोग से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक, दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी आने वाले समय में रणनीतिक और आर्थिक रिश्तों को और मजबूत कर सकती है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.