प्रयागराज में चिकन पॉक्स के बढ़ते मामलों पर प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग

प्रयागराज : में हाल के दिनों में चिकन पॉक्स (चेचक) के मामलों में वृद्धि को लेकर सामाजिक संगठनों ने चिंता व्यक्त की है। विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बीमारी धीरे-धीरे अधिक लोगों को प्रभावित कर रही है, जिससे आमजन में सतर्कता और जागरूकता की आवश्यकता बढ़ गई है। इलाहाबाद जनकल्याण समिति के अध्यक्ष मोहम्मद हन्जला ने इस विषय पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि चिकन पॉक्स एक संक्रामक बीमारी है, जो बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य सभी आयु वर्ग के लोगों को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर लोगों को इस बीमारी के लक्षण, बचाव और उपचार के संबंध में पर्याप्त जानकारी नहीं है, जिसके कारण अनावश्यक चिंता और परेशानी की स्थिति बन रही है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएं। विशेष रूप से अस्पतालों में समुचित उपचार व्यवस्था, प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता, जागरूकता अभियान तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। आगे मोहम्मद हन्जला ने कहा कि समय रहते उचित कदम उठाने से इस बीमारी के प्रसार को नियंत्रित किया जा सकता है और आमजन को अनावश्यक कठिनाइयों से बचाया जा सकता है। अंत में उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े इस विषय पर गंभीरता से संज्ञान लेकर प्रभावी कार्यवाही की जाए, ताकि जनपद के नागरिक सुरक्षित और स्वस्थ रह सकें।

रिपोर्टर : जाबिर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.