पति-पत्नी के विवाद में युवक ने लगाई फांसी, गांव में शोक

प्रयागराज - मेजा प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के पकरी सेवार गांव में पति-पत्नी के आपसी विवाद ने एक युवक की जान ले ली। बीती रात घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले युवक का शव शुक्रवार सुबह परिजनों को फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। जानकारी के अनुसार पकरी सेवार गांव निवासी सत्यनारायण सताई, पुत्र उमा शंकर निषाद, उम्र लगभग 28 वर्ष, ने गुरुवार रात घर के अंदर फांसी लगा ली। परिजनों का कहना है कि बीती रात सत्यनारायण और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद वह अपने कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया।  शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा गया तो सत्यनारायण छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया।

परिजनों ने तुरंत डायल 100 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सिरसा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पति-पत्नी का आपसी विवाद बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सत्यनारायण मिलनसार स्वभाव का बताया जाता है। वह घर में खेती और मजदूरी का काम करता था। उसकी असमय मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव के लोग गमगीन हैं। 

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी अन्य कारण या दबाव की बात सामने आती है तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर - बुद्धसेन वर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.