विश्व मत्स्य दिवस पर संगम तट पर हुआ भव्य कार्यक्रम, 25 से अधिक मछुआरों को अंगवस्त्रम देकर किया सम्मानित

प्रयागराज :  मे विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर शनिवार को संगम तट पर मछुआरों और नाविकों के संग एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अनामिका चौधरी निषाद, प्रदेश संयोजक, भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश मत्स्य प्रकोष्ठ रहीं। इस अवसर पर अनामिका चौधरी निषाद ने 25 से अधिक मछुआरों को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने मछुआ समुदाय के संघर्ष, परिश्रम और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि मछुआरे देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य सुरक्षा की रीढ़ हैं।

अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि विश्व मत्स्य दिवस की शुरुआत 1997 में नई दिल्ली में हुई थी, जहाँ 18 देशों के प्रतिनिधियों ने मिलकर 'विश्व मत्स्य मंच' की स्थापना की और टिकाऊ मत्स्य पालन का घोषणापत्र अपनाया।

इस वर्ष विश्व मत्स्य दिवस की थीम - "परिवर्तन के लिए लोगों को सशक्त बनाना, मत्स्य पालन और जलीय कृषि में विशेष रूप से युवाओं एवं महिलाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार को बढ़ावा देना" है।

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा मछली उत्पादक देश है, जिसकी वैश्विक उत्पादन में लगभग 8% हिस्सेदारी है और कुल उत्पादन बढ़कर 195 लाख टन तक पहुँच गया है।

विश्व मत्स्य दिवस मछुआरों के संघर्ष, समुद्री संस्कृति और मत्स्य पालन के महत्व को दर्शाता है, जो मानव सभ्यता का पहला भोजन था।

कार्यक्रम में नाविक संघ प्रयागराज उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष गगन निषाद ने कहा कि हमारा मछुआ समुदाय बहुत गरीब है, इनके रहन-सहन के स्तर में सुधार करने की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मछुआरों के लिए बेहतर सुविधाओं और योजनाओं की मांग की।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अशोक निषाद शास्त्री, संजीव निषाद, अमलेश निषाद उर्फ ननका, विक्रम निषाद, मेजर सुनील निषाद पूर्व प्रदेश सह संयोजक मत्स्य प्रकोष्ठ, अवधेश निषाद प्रदेश प्रवक्ता मत्स्य प्रकोष्ठ सहित अधिक संख्या में लोग मौजूद थे।

 

रिपोर्टर : जाबिर अली 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.