सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर मडगांव (गोवा) में शुरू
प्रयागराज : मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं उपायुक्त सुरेंद्र नाथ ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी; अनुशासन व सेवा भाव के साथ प्रशिक्षण लेने के दिए निर्देश सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड (उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज की ब्रिगेड नंबर-1 एवं ब्रिगेड नंबर-2 का सत्र 2025-26 का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 20 से 23 नवंबर 2026 तक मडगांव, गोवा में आयोजित किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ करते हुए उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के उपायुक्त सुरेंद्र नाथ ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। उपस्थित अधिकारियों व सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने अनुशासन, समयपालन और सेवा भावना के साथ प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परेड और प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए उन्होंने सदस्यों को प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) और आपातकालीन सहायता के क्षेत्र में अधिक से अधिक व्यावहारिक कौशल अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर श्री सुरेंद्र नाथ ने प्रयागराज ब्रिगेड द्वारा पूर्व में किए गए जनसेवा कार्यों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने महाकुंभ-2025 तथा शारदीय नवरात्रि मेला-2026 (विंध्याचल मेला) जैसे बड़े आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों को दी गई प्राथमिक चिकित्सा व आपातकालीन सेवाओं को सराहनीय बताया।
इसके साथ ही, उन्होंने पीईटी परीक्षा-2026 के दौरान ब्रिगेड के योगदान का विशेष उल्लेख किया। ज्ञात हो कि वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के अनुरोध पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं उपायुक्त, प्रयागराज द्वारा ब्रिगेड सदस्यों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिसे सदस्यों ने पूरी तत्परता से निभाते हुए अभ्यर्थियों व आमजन को आवश्यक चिकित्सीय सहायता प्रदान की।
नाथ ने सदस्यों के इस समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
प्रशिक्षण सत्र एवं प्रमुख उपस्थिति
प्रशिक्षण सत्र के दौरान डिविजनल कमांडर (मेडिकल), प्रयागराज एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशीष अग्रवाल ने सदस्यों को प्राथमिक चिकित्सा, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन एवं जीवनरक्षक तकनीकों से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यावहारिक
जानकारियां प्रदान कीं।
शिविर के सफल संचालन में मंडल सचिव आलोक कुमार वर्मा, सार्जेंट विजय कुमार, कॉरपोरल अमित कुमार मौर्य एवं पवन कुमार, तथा मीडिया प्रभारी संदीप कुमार केसरवानी सहित अन्य अधिकारियों और सदस्यों द्वारा सक्रिय योगदान किया जा रहा।
इस चार दिवसीय वार्षिक शिविर का मुख्य उद्देश्य ब्रिगेड के स्वयंसेवकों को प्राथमिक चिकित्सा, आपातकालीन राहत, अनुशासन एवं मानवीय सेवा के प्रति और अधिक दक्ष बनाना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में रेल यात्रियों और आम नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध करा सकें।
रिपोर्टर : जाबिर अली

No Previous Comments found.