शंकरगढ़ में जाम के झाम से रोजाना घंटों रेंगते है वाहन
प्रयागराज : के नगर पंचायत शंकरगढ़ में इन दिनों जाम की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नारीबारी रोड और शंकरगढ़ रेलवे फाटक क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। हालात यह हैं कि सुबह से शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। दोपहिया वाहनों से लेकर चारपहिया गाड़ियों और स्कूली बसों तक को जाम में फंसकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण के कारण पहले से ही रास्ता प्रभावित है, लेकिन यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। जाम के चलते जहां आम राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं नगर के व्यापार पर भी इसका असर पड़ रहा है। बाजार आने-जाने वाले ग्राहक जाम में फंसने से बचने के लिए दूसरे रास्तों का रुख कर रहे हैं।
नगर के समाजसेवी अजय केसरवानी ने इस समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि आए दिन लगने वाला जाम अब लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करने लगा है। एक ओर शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, दूसरी ओर बाजारों में आवागमन बढ़ा हुआ है। ऐसे में यदि यातायात व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण को लेकर दिसंबर तक काम पूरा करने की बात कही गई थी, लेकिन निर्धारित समय नजदीक आने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। इसका खामियाजा नगर पंचायत की जनता को भुगतना पड़ रहा है। नगरवासियों द्वारा कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
अजय केसरवानी ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक प्रमुख चौराहों और रेलवे फाटक के आसपास यातायात पुलिस की तैनाती की जाए, वाहनों के आवागमन के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए और जाम से निजात दिलाने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं।
फिलहाल नगरवासियों की निगाहें फ्लाईओवर निर्माण की गति और प्रशासन की यातायात व्यवस्था पर टिकी हैं। सवाल यह है कि आखिर कब शंकरगढ़ के लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और कब फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होकर आम जनता के लिए आवागमन सुगम हो सकेगा?
रिपोर्टर : जाबिर अली

No Previous Comments found.