पीओके में ढेर हुआ पुलवामा हमले का गुनहगार हमजा बुरहान, मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों की गोली का शिकार

पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े बताए जा रहे हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना मुजफ्फराबाद में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमजा को कई गोलियां लगीं, जिसके कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर अभी तक किसी सरकारी एजेंसी या प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के मुताबिक, हमजा बुरहान अपनी कार से कहीं जा रहा था। इसी दौरान मुजफ्फराबाद स्थित एआईएसएस कॉलेज के पास ट्रैफिक जाम में उसकी गाड़ी रुक गई। तभी बाइक पर सवार कुछ हमलावर वहां पहुंचे और उन्होंने अचानक उस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने बुर्का पहन रखा था, ताकि उनकी पहचान छिपी रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमजा बुरहान दक्षिण कश्मीर में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और उन्हें आतंकी संगठनों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। भारत सरकार ने वर्ष 2022 में उसे आतंकवादी घोषित किया था। कहा जाता है कि पाकिस्तान में वह अपनी असली पहचान छिपाकर एक स्कूल में प्रिंसिपल के तौर पर काम कर रहा था। स्थानीय लोगों के बीच वह ‘डॉक्टर’ नाम से भी जाना जाता था।

हमजा का नाम कई कुख्यात आतंकियों के करीबी सहयोगियों में लिया जाता था। वह अबू दुजाना, अबू कासिम, बुरहान वानी और जाकिर मूसा जैसे आतंकियों के संपर्क में रहा था। उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.