हवेली तालुका में लोकतंत्र का उत्सव,शिंदेवाड़ी की 95 वर्षीय होसबाई शिंदे ने निभाया मतदान का अधिकार
पुणे : हवेली तालुका के शिंदेवाड़ी में मतदान के दिन लोकतंत्र का सच्चा उत्सव देखने को मिला। 95 वर्ष की आयु पार कर चुकी होसबाई अण्णासाहेब शिंदे ने मतदान केंद्र पर स्वयं उपस्थित रहकर अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग किया। इस उम्र में भी उनके द्वारा दिखाया गया उत्साह और लोकतंत्र के प्रति दृढ़ विश्वास कई मतदाताओं के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ। होसबाई शिंदे के लिए मतदान केंद्र पर आवश्यक सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई थीं। मतदान अधिकारी और कर्मचारियों ने उन्हें सहयोग प्रदान करते हुए सुरक्षित,सरल और सम्मानजनक तरीके से मतदान प्रक्रिया पूरी करवाई। वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से लोकतंत्र और अधिक सशक्त होता है,इसका चित्र इस अवसर पर देखने को मिला।
इस दौरान हवेली तालुका में जिला परिषद और पंचायत समिति की चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण,पारदर्शी और निर्भय वातावरण में संपन्न हो रही है,यह जानकारी निर्वाचन निर्णय अधिकारी डॉ.यशवंत माने ने दी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए माध्यम अधिकारी प्रा. योगेश होंडे ने बताया कि,“वरिष्ठ नागरिकों की मतदान में भागीदारी लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शक निर्देशों के अनुसार विशेष सावधानी बरती जाती है।" 95 वर्ष से अधिक आयु होने के बावजूद मतदान के लिए दिखाया गया यह उत्साह देखकर वहाँ उपस्थित नागरिकों ने होसबाई शिंदे की सराहना की। उनकी भागीदारी लोकतंत्र के प्रति दृढ़ विश्वास को रेखांकित करने वाली है|
संवादाता - यश सोलंकी

No Previous Comments found.