लोणी काळभोर और सासवड मार्ग के अलाइनमेंट प्लानिंग की शुरुआत

पुणे - मेट्रो के फेज 2 विस्तार के तहत हडपसर–लोणी काळभोर और हडपसर बस डिपो–सासवड रोड इन दो प्रस्तावित मेट्रो उप-मार्गों (सब-कॉरिडोर) के अलाइनमेंट प्लानिंग प्रक्रिया को आधिकारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। इन मार्गों के लेआउट डिजाइन के लिए सलाहकार (डिजाइन कंसल्टेंट) नियुक्त करने की प्रक्रिया महाराष्ट्र मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (महा मेट्रो) द्वारा शुरू की गई है और इसके लिए निविदा प्रक्रिया चलाई जा रही है। 4 मार्च को अंतिम तारीख तय की गई है। पूर्व पुणे के उपनगरों में यातायात को अधिक सक्षम बनाने के उद्देश्य से महा मेट्रो ने इस परियोजना की प्राथमिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। तकनीकी और गुणवत्ता मानकों के आधार पर चयनित किए जाने वाले सलाहकार को 48 महीनों के भीतर अलाइनमेंट प्लान तैयार करने की जिम्मेदारी दी जाएगी, ऐसी जानकारी महा मेट्रो अधिकारियों ने दी है।

ये दोनों मार्ग खडकवासला–स्वारगेट–हडपसर–खराडी मेट्रो मार्ग के फेज 2 विस्तार का हिस्सा हैं, जिन्हें केंद्र और राज्य सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। हडपसर–लोणी काळभोर मार्ग (कॉरिडोर 4-B) की लंबाई 11.35 किमी होगी, जिसमें 10 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। वहीं हडपसर बस डिपो–सासवड रोड मार्ग (कॉरिडोर 4-C) 5.57 किमी लंबा होगा और इसमें 4 एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इन दोनों मार्गों के जरिए लगभग 17 किमी के दायरे में 14 स्टेशनों का नेटवर्क तैयार होगा, जिससे पूर्व और पश्चिम पुणे को सीधा संपर्क मिलेगा।

निविदा प्रक्रिया डिटेल्ड डिजाइन कंसल्टेंसी (DDC) सेवाओं के लिए है, जिसमें विस्तृत इंजीनियरिंग डिजाइन, स्टेशन प्लानिंग, निर्माण रणनीति, तकनीकी लागत अनुमान और अन्य तकनीकी पहलुओं को शामिल किया जाएगा। सलाहकार की नियुक्ति के बाद डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) और परियोजना के क्रियान्वयन के अगले चरणों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, ऐसा महा मेट्रो अधिकारियों ने स्पष्ट किया है।

इस परियोजना से हडपसर, फुरसुंगी, लोणी काळभोर और सासवड क्षेत्र के नागरिकों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे यातायात जाम, यात्रा समय और प्रदूषण में कमी आने की संभावना है। भविष्य में प्रस्तावित पुरंदर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से मेट्रो कनेक्टिविटी की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे यह क्षेत्र पुणे के विकास का एक महत्वपूर्ण ग्रोथ कॉरिडोर बन सकता है।

संवादाता - यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.