भिगवण की प्रियंका चव्हाण का राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए चयन
पुणे : इंदापुर तालुका के शिक्षण प्रसारक मंडल के कला, विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय की छात्रा प्रियंका संतोष चव्हाण का चयन भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राष्ट्रीय एकता शिविर के लिए हुआ है। यह शिविर सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय एकता शिविर के चयन हेतु नृत्य, अभिनय, वक्तृत्व तथा सामाजिक प्रतिबद्धता जैसी विभिन्न योग्यताओं का मूल्यांकन किया जाता है। प्रियंका ने इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जिसके परिणामस्वरूप उनका चयन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ।
प्रियंका ने पूर्व में भी अनेक अवसरों पर अपनी योग्यता सिद्ध की है। अब तक उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर तीन, राज्य स्तर पर सात तथा विश्वविद्यालय स्तर पर छह सहित कुल सोलह राष्ट्रीय सेवा योजना शिविरों में सहभागिता की है।
उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि में राष्ट्रीय सेवा योजना के विभागीय समन्वयक डॉ. अनिल बनसोडे का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
प्रियंका के चयन पर इंदापुर तालुका शिक्षण प्रसारक मंडल के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटील, प्राचार्य डॉ. तानाजी मगर, संचालक मंडल तथा ग्रामवासियों ने उनका अभिनंदन कर शुभकामनाएँ दी हैं।
रिपोर्टर : प्रकाश खोत


No Previous Comments found.