दीवार गिरने से मजदूर की मौत, ठेकेदार पर मामला दर्ज
हवेली : पुणे के बिबवेवाड़ी इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। पेट भरने के लिए काम कर रहे एक मजदूर की काम के दौरान ही दर्दनाक मौत हो गई। अपर इंदिरानगर क्षेत्र में निर्माण कार्य जारी था, तभी अचानक दीवार गिर गई और एक निर्माण मजदूर उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मृतक मजदूर का नाम मिथुन नारायण चव्हाण (उम्र 34, निवासी सुखसागर नगर, कात्रज) बताया जा रहा है। इस घटना के बाद उनकी पत्नी श्रीदेवी मिथुन चव्हाण (उम्र 22, निवासी किन्नीमोड तांडा, सोलापुर) ने बिबवेवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस हादसे ने एक 22 वर्षीय महिला का घर उजाड़ दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिबवेवाड़ी के अपर इंदिरानगर इलाके में एक घर का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसका ठेका राठौड़ नामक ठेकेदार को दिया गया था। घटना के समय दीवार तोड़ने का काम शुरू था, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और उसके नीचे मिथुन चव्हाण दब गए। मलबे में दबने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
रिपोर्टर : यश सोलंकी


No Previous Comments found.