पुणे में नई महापौर का सख्त रुख, प्रशासन को अनुशासन का स्पष्ट संदेश
हवेली : पुणे महानगरपालिका की नव नियुक्त महापौर मंजुषा नागपुरे ने पदभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सख्ती के संकेत दे दिए हैं। सोमवार (16 फरवरी) सुबह उन्होंने महानगरपालिका के मुख्य भवन की सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उनके इस अचानक निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कई गंभीर खामियां पाई गईं। बताया जा रहा है कि प्रवेश व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और तैनात कर्मचारियों की कार्यशैली में लापरवाही देखी गई। इन कमियों को लेकर महापौर ने सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की कड़ी शब्दों में क्लास ली और स्पष्ट किया कि सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सभी त्रुटियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने महानगरपालिका आयुक्त को इस विषय पर तात्कालिक बैठक बुलाकर जवाबदेही तय करने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के आदेश दिए।
महापौर के इस सख्त रुख को प्रशासनिक व्यवस्था में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे यह संकेत मिला है कि नई महापौर शहर की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर हैं और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवादाता : यश सोलंकी
No Previous Comments found.