सोनेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से गूंजा परिसर
पुणे : जिले के इंदापुर तहसील के सोनगांव स्थित सोनेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पुणे जिले के इंदापुर तहसील के सोनगांव गांव में स्थित सोनेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ देखने को मिली। ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। यह मंदिर पेशवा काल तथा मराठा साम्राज्य कालीन ऐतिहासिक धरोहर माना जाता है। निरा और करहा नदियों के संगम पर स्थित यह मंदिर अपने प्राचीन इतिहास और धार्मिक महत्व के कारण विशेष पहचान रखता है। मंदिर को पर्यटन स्थल का दर्जा प्राप्त है। श्रद्धालुओं को नदी मार्ग से मंदिर तक पहुंचने के लिए नाव का उपयोग करना पड़ता है, जिससे दर्शन के साथ-साथ पर्यटन का आनंद भी मिलता है। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर प्रशासन द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं ने भी सेवा कार्यों में सहभागिता निभाई। श्रद्धालुओं के लिए फलाहार, दर्शन व्यवस्था तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। इंग्लिश मीडियम स्टूडेंट स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से भक्तों को फलाहार वितरित किया गया।
मुख्य मंदिर के बाहर स्थित विशाल नंदी प्रतिमा को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। रात्रि बारह बजे मंदिर समिति के अध्यक्ष संदीप गीते के हस्ते विधिवत पूजा और अभिषेक संपन्न हुआ।
सामाजिक कार्यकर्ता शहाजी आवाले, अनिकेत गवली, लालासाहेब सपकळ, अर्जुन पवार और हनुमंत चौधरी की ओर से श्रद्धालुओं को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। सोनगांव ग्राम पंचायत की सरपंच शीतल इंगवले तथा सदस्यों ने सड़क, जलापूर्ति और प्रकाश व्यवस्था की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की। दोपहर में सुनील महाराज के कीर्तन का भी श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन ने मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र में कानून और व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रभावी रूप से निभाई। महाशिवरात्रि का यह आयोजन श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अनूठा संगम बना रहा।
रिपोर्टर : प्रकाश खोत

No Previous Comments found.