नशामुक्त भारत अभियान के तहत युवा जागरूकता रैली एवं जनजागरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

पुरंदर : सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय तथा वाघीरे महाविद्यालय, सासवड के राष्ट्रीय सेवा योजना विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत युवा जागरूकता रैली एवं जनजागरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंडित शेळके के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शुभम ठोंबरे एवं प्राध्यापक पूनम काले के कुशल नियोजन से यह कार्यक्रम प्रभावी रूप से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका प्रारंभ वाघीरे महाविद्यालय परिसर से हुआ। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सासवड नगरपरिषद, छत्रपती शिवाजी महाराज पुतळा चौक, हडको वसाहत होते हुए एस. टी. बस स्टैंड तक पहुँची। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने व्यसनमुक्ति संबंधी पोस्टर प्रदर्शित किए तथा प्रभावशाली नारों के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सासवड एस.टी. बस स्टैंड परिसर में उपस्थित नागरिकों को राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविका कु. वैष्णवी कुंभारकर ने व्यसनमुक्ति की आवश्यकता, उसके वैज्ञानिक आधार तथा नशा छोड़ने की प्रक्रिया के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशामुक्त रहें और समाज को भी इस दिशा में प्रेरित करें।
इस जनजागरण अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज के विभिन्न वर्गों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया। कार्यक्रम की सफलता में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। उपस्थित नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में अत्यंत आवश्यक बताया।

संवादाता : प्रा. संतोष जगताप 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.