पुणे के कात्रज में भीषण सड़क हादसा: नगर निगम के डंपर ने ली युवती की जान
पुणे : पुणे शहर के कात्रज इलाके में स्थित पुणे जिला दुग्ध उत्पादक संघ (मिल्क डेयरी) के पास एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक नगर निगम का कचरा ले जाने वाला डंपर तेज रफ्तार में था, जिसने एक युवती के दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती संतुलन खोकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही भारती विद्यापीठ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक युवती की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और उसकी पहचान स्थापित करने के प्रयास जारी हैं। साथ ही डंपर चालक से पूछताछ की जा रही है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में भारी वाहनों की लापरवाही और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त ट्रैफिक नियंत्रण और स्पीड मॉनिटरिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
रिपोर्टर : यश सोलंकी

No Previous Comments found.