मल्टीलेवल कॉरिडोर के लिए दो और फ्लायओवर गिराए जाएंगे,बड़े ट्रैफिक सुधार की तैयारी

पुणे - मल्टीलेवल कॉरिडोर के लिए दो और फ्लायओवर गिराए जाएंगे,बड़े ट्रैफिक सुधार की तैयारी सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय चौक पर फ्लायओवर गिराए जाने के बाद अब पुणे में दो और फ्लायओवर—हडपसर गाडीताल चौक और मगरपट्टा चौक—को भी हटाने की तैयारी है। यह कदम सोलापुर हाईवे पर भैरोबा नाला से यवत तक प्रस्तावित 40 किलोमीटर लंबे मल्टीलेवल कॉरिडोर परियोजना के तहत उठाया जा रहा है। परियोजना पर काम कर रहे विशेषज्ञों और सलाहकारों ने सुझाव दिया है कि मौजूदा फ्लायओवर संरचनाओं को हटाना जरूरी है, क्योंकि उन्हें बनाए रखने से निर्माण कार्य तकनीकी रूप से संभव नहीं हो पाएगा। इस कॉरिडोर को एलिवेटेड मेट्रो लाइन के साथ विकसित किया जाएगा, जिसके लिए छह लेन वाले मल्टीलेवल फ्लायओवर हेतु निर्बाध रास्ता आवश्यक होगा।

पुणे महानगरपालिका के अधिकारियों के अनुसार,यह परियोजना केंद्र सरकार की पहल है और इसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुणे में पहले भी यूनिवर्सिटी चौक और नल स्टॉप जैसे क्षेत्रों में मेट्रो और फ्लायओवर का एकीकृत विकास किया जा चुका है। हालांकि अपेक्षाकृत नए मगरपट्टा फ्लाय ओवर को गिराने के फैसले पर कुछ चिंताएं जताई जा रही हैं,लेकिन विशेषज्ञों और प्रशासन का मानना है कि सोलापुर हाईवे पर लंबे समय में ट्रैफिक में बड़ा सुधार होगा,जो अल्पकालिक असुविधाओं से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। फिलहाल यह परियोजना टेंडरिंग चरण में है और सभी औपचारिक मंजूरियां मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

संवादाता - यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.