विमान नगर में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती की मांग
हवेली - विमान नगर, 27 फरवरी 2026: विमान नगर क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं को लेकर पुणे महानगरपालिका (PMC) के वार्ड 3 की नगरसेविका ऐश्वर्या सुरेंद्र पाथरे ने गुरुवार को एयरपोर्ट (विमानतल) पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए एक औपचारिक निवेदन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोविंद जाधव से मुलाकात की और सार्वजनिक स्थानों पर, विशेषकर सिंबायोसिस ग्राउंड तथा दुर्गामाता मंदिर क्षेत्र के आसपास देर रात नाबालिगों व अन्य लोगों द्वारा शराब सेवन और नशीले पदार्थों के उपयोग की शिकायतें उठाईं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इस प्रकार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, खासकर देर रात के समय। शिकायतों के अनुसार, इन स्थानों पर देर रात तक बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं, जिसके बाद खाली शराब की बोतलें,टूटे कांच और अन्य कचरा फैलाया जाता है, जिससे इलाके में अस्वच्छता फैल रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थिति के कारण खासकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और परिवारों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ऐश्वर्या पाथरे और नागरिकों ने पुलिस से प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 1 बजे तक सिंबायोसिस ग्राउंड और आसपास के विमान नगर क्षेत्र में विशेष रात्रि गश्त शुरू करने की मांग की। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई। ऐश्वर्या पाथरे ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा,शांति और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए और पुलिस प्रशासन से बिना देरी प्रभावी कदम उठाने की अपील की। स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई कि पुलिस की बढ़ी हुई उपस्थिति और सख्त कार्रवाई से असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगेगी और क्षेत्र में सुरक्षा की भावना बहाल होगी। पुलिस अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि नागरिकों की शिकायतों की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
संवादाता - यश सोलंकी

No Previous Comments found.