केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल के घुटने की सर्जरी, एक महीने आराम की सलाह
पुणे - केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल के घुटने की सर्जरी की गई है। डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम एक महीने तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है। इस बारे में जानकारी मोहोल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी। मुरलीधर मोहोल ने बताया कि करीब 29 साल पहले कोल्हापुर में कुश्ती खेलते समय उनके घुटने में चोट लगी थी। उस चोट के कारण उन्हें कुश्ती छोड़नी पड़ी थी। कई वर्षों तक इस तकलीफ को नजरअंदाज किया गया,लेकिन अब पिछले कुछ समय से दर्द बढ़ने लगा था। आखिरकार डॉक्टरों ने सर्जरी के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बताया,इसलिए यह ऑपरेशन कराना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय संसद का सत्र चल रहा है,साथ ही काम के सिलसिले में देशभर में यात्रा, पुणे लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों से संपर्क और अन्य जिम्मेदारियां भी हैं। इसके अलावा इस साल की महाराष्ट्र केसरी कुश्ती स्पर्धा भी होने वाली है,लेकिन इन सब कारणों से ज्यादा परेशानी घुटने के दर्द से हो रही थी। मोहोल ने कहा कि लोगों की शुभेच्छाओं और आशीर्वाद के बल पर वे जल्द ही स्वस्थ होकर एक महीने के भीतर फिर से सभी के बीच उपस्थित होंगे और पहले से ज्यादा ऊर्जा के साथ काम करेंगे।
संवादाता - यश सोलंकी

No Previous Comments found.