कवठे येमाई में स्वास्थ्य एवं पोषण आहार मेले का उत्साहपूर्वक आयोजन
पुणे - शिरूर तहसील के कवठे येमाई गांव में स्वास्थ्य एवं पोषण आहार मेले का आयोजन बड़े उत्साह और सहभागिता के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में न्यू इंग्लिश स्कूल कवठे येमाई के प्राचार्य मुंजावडे सर, बोंबे सर, दाभाडे सर के साथ ही कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन्स फाउंडेशन के जिला समन्वयक भाऊसाहेब पंदरकर, प्रकल्प अधिकारी विनोद गोरे, सहायक प्रकल्प अधिकारी अश्विनी संकपाळ तथा सामाजिक कार्यकर्ता उज्वला इचके और अर्चना तांबे उपस्थित रहे। इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य कांचनताई भोर, सीआरपी प्रमिलाताई गायकवाड, अन्य महिलाएं एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सीपीआर (CPR) यानी कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन कब और कैसे देना चाहिए, इस विषय पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही इसका प्रात्यक्षिक (डेमो) भी प्रस्तुत किया गया, जिससे आपातकालीन स्थिति में किसी की जान बचाने के लिए जरूरी जानकारी लोगों तक पहुंच सकी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में समझाया गया। छात्राओं द्वारा स्वयं तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे सभी ने सराहा। इन व्यंजनों में से उत्कृष्ट पाककृती का चयन कर पांच विजेताओं को क्रमांक देकर सम्मानित किया गया। इस पूरे उपक्रम के माध्यम से गांव में स्वास्थ्य, पोषण और आपातकालीन सहायता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों में सकारात्मक ऊर्जा और जागरूकता का संचार किया।
संवाददाता : संजय चव्हाण

No Previous Comments found.