पुणे में सस्ते सोने के नाम पर करोड़ों की ठगी: पति-पत्नी गिरफ्तार
पुणे : भारती विद्यापीठ पुलिस ने एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जो धनकवड़ी–कात्रज क्षेत्र में सस्ते दाम पर सोना देने का लालच देकर लोगों से करीब 1.5 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में फरार थे। आरोपियों की पहचान हेमंत दत्तात्रय खारोटे (45) और उनकी पत्नी रुपाली हेमंत खारोटे (38) के रूप में हुई है। दोनों धनकवड़ी में ‘अवनि ज्वेलर्स’ नाम से आभूषण का व्यवसाय चलाते थे। उनके खिलाफ भारती विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 2016 से 2026 के बीच इस दंपति ने बाजार से कम दाम पर सोना देने का वादा कर कई लोगों को ठगा। वे कथित तौर पर करीब 60,000 रुपये प्रति तोला (11.7 ग्राम) की दर से सोना देने और कोई मेकिंग चार्ज नहीं लेने का दावा करते थे, जिससे लोगों को बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए थोड़ी मात्रा में सोना दिया। बाद में उन्होंने मोबाइल फोन पर ज्वेलरी की तस्वीरें दिखाकर बड़ी रकम ली, लेकिन न तो सोना दिया और न ही पैसा वापस किया।
एक मामले में शिकायतकर्ता अंजली निम्बालकर से करीब 1.49 करोड़ रुपये की ठगी की गई। हालांकि कुछ राशि वापस की गई, लेकिन करीब 1.34 करोड़ रुपये अभी भी बाकी हैं। पुलिस ने बताया कि अन्य कई लोग भी ठगी का शिकार हुए हैं, जिससे कुल धोखाधड़ी की रकम 1.5 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। मामला दर्ज होने के बाद दंपति ने अपना घर और दुकान बंद कर पुणे से फरार हो गए। जांच में पता चला कि उनके पास नौ मोबाइल फोन और 12 सिम कार्ड थे, जिन्हें वे लगातार बदलते रहते थे ताकि ट्रैकिंग से बच सकें।
तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन डेटा और सोशल मीडिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने उनकी गतिविधियों को कई राज्यों में ट्रैक किया। जब पता चला कि वे ओला कैब से यात्रा कर रहे हैं, तो पुलिस ने ड्राइवर रिकॉर्ड और यात्रा मार्ग का विश्लेषण किया और मुंबई-पुणे हाईवे पर जाल बिछाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यह ऑपरेशन पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल खिलारे के नेतृत्व में चलाया गया।
संवादाता - यश सोलंकी

No Previous Comments found.