पुणे के महिला संरक्षण गृह से 11 बांग्लादेशी महिलाओं का फरार होना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
हवेली : काळेपडळ पुलिस थाने की सीमा में आने वाले हडपसर स्थित रेस्क्यू फाउंडेशन के महिला संरक्षण गृह से 23 मार्च को 11 बांग्लादेशी महिलाओं के फरार होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अनैतिक व्यापार प्रतिबंधक कानून (PITA Act) के तहत पुणे शहर और ग्रामीण पुलिस द्वारा बचाई गई इन महिलाओं ने एक साथ चुपचाप वहां से निकलने की योजना बनाई थी।
हैरानी की बात यह है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद संस्था की ओर से अब तक कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
ससाणे वस्ती स्थित इस संरक्षण गृह में बड़ी संख्या में रेस्क्यू की गई महिलाओं को अस्थायी रूप से रखा जाता है और कुछ दिनों बाद उन्हें छोड़ दिया जाता है। लेकिन यहां से लगातार महिलाओं के भागने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस बार 11 महिलाओं के एक साथ फरार होने से मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है।
काळेपडळ पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया है, ऐसी जानकारी अधिकारियों ने दी है।
इस घटना के बाद संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों की जिम्मेदारी और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। देशभर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है, ऐसे में इस तरह की घटना और संबंधित विभागों की धीमी प्रतिक्रिया चिंताजनक मानी जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
रिपोर्टर : यश सोलंकी


No Previous Comments found.