हडपसर POCSO मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार और चार्जशीट दाखिल

हवेली : पुणे, हडपसर पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए POCSO मामले में आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया और उसी दिन अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर दी।

यह मामला 29 मार्च को सामने आया था, जब हडपसर इलाके के एक जनरल स्टोर में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मोबाइल चार्जर मांगने के बहाने लड़की के पास पहुंचकर उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई, जिसके बाद जांच की जिम्मेदारी पुलिस उपनिरीक्षक प्रियंका कोलेवाड को सौंपी गई।

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी विश्लेषण के जरिए संदिग्ध की पहचान की। बाद में उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान ओंकार बालकृष्ण कोरडे (26), निवासी काळेपडळ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी द्वारा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं और उसके द्वारा इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन को भी जब्त किया है। मामले में गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, साक्ष्यों के तेजी से संग्रह के कारण जांच कम समय में पूरी हो सकी। पुलिस ने बताया कि घटना के 24 घंटे के भीतर ही अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी गई।

रिपोर्टर : यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.