फुरसुंगी में नाबालिगों का उत्पात, शराब के नशे में 9 वाहनों में तोड़फोड़

हवेली : पुणे, 1 अप्रैल 2026: फुरसुंगी इलाके में मंगलवार रात चार नाबालिगों ने कथित रूप से शराब के नशे में कई वाहनों में तोड़फोड़ कर इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से एक को हिरासत में लिया गया है।

इस मामले में 25 वर्षीय व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, नाबालिगों ने इलाके में डर फैलाने के उद्देश्य से सड़क किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाया।

यह घटना रात करीब 9:45 बजे पापडे वस्ती स्थित क्रांति मित्र मंडल गणेश मंदिर और संजुदा कॉम्प्लेक्स के पास हुई। आरोपियों ने कथित रूप से धारदार हथियारों के साथ इलाके में हंगामा किया और कुल 9 वाहनों को नुकसान पहुंचाया, जिनमें 3 ऑटो रिक्शा, 2 टेम्पो और 4 कारें शामिल हैं। उन्होंने वाहनों के शीशे तोड़कर भारी नुकसान किया।

अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ निरीक्षक अमोल मोरे के नेतृत्व में फुरसुंगी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत, आर्म्स एक्ट सहित मामला दर्ज किया है। फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की आगे जांच जारी है।

रिपोर्टर : यश सोलंकी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.