“जेजुरी में गंदगी से भरी तीन कुएं, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी”

पुरंदर : जेजुरी नगर परिषद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा की गई निरीक्षण कार्रवाई में तीन कुओं की स्थिति बेहद चिंताजनक पाई गई है। यह निरीक्षण पंचायत समिति पुरंदर के तालुका स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम काले के निर्देशानुसार किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और स्वास्थ्य सहायकों ने पीडीसीसी बैंक के पास स्थित फकीर कुआं, जानुबाई मंदिर के सामने स्थित आड तथा जानुबाई मंदिर के पास की बारव का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान इन तीनों कुओं में पेड़ों के पत्ते, प्लास्टिक कचरा, कागज और खाली प्लास्टिक बोतलें पाई गईं।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि इन कुओं का पानी पीने के लिए उपयोग में नहीं लाया जाता है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन कुओं का पानी पीने के लिए इस्तेमाल न किया जाए।
विभाग ने नगर परिषद को निर्देशित किया है कि इन कुओं के पास चेतावनी फलक लगाए जाएं तथा कुओं को लोहे की जाली से ढक दिया जाए, ताकि आगे कचरा गिरने से रोका जा सके। इसके साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग कचरादान रखने और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सूचना फलक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आषाढ़ी वारी के मद्देनजर शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने नगर परिषद से तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

संवाददाता : प्रा. संतोष जगताप 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.