कवठे येमाई में 2.60 लाख का माल चोरी; अज्ञात चोर के खिलाफ शिरूर पुलिस में मामला दर्ज
पुणे - जिले के शिरूर तालुका स्थित कवठे येमाई में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। ओम श्री क्लिनिक में अज्ञात चोर ने घुसकर सोने के गहने और नकदी सहित कुल 2 लाख 60 हजार रुपये का माल चोरी कर लिया।
इस मामले में शिरूर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 405/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता डॉ. कल्पना सुभाष पोकळे (उम्र 47 वर्ष, निवासी कवठे येमाई, ता. शिरूर, जि. पुणे) ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार,यह घटना 2 मई 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच हुई। क्लिनिक में टेबल के नीचे दराज में रखे पर्स को अज्ञात चोर उठा ले गया। पर्स में सोने की अंगूठी, बांगड़ी, गंठण, मणी मंगलसूत्र और 2,000 रुपये नकद थे, जिनकी कुल कीमत करीब 2.60 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि क्लिनिक का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर चोर अंदर घुसा और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक पवार कर रहे हैं। वहीं, पुलिस हवलदार वाडेकर ने केस दर्ज किया है और प्रभारी अधिकारी संदेश केंजळे के मार्गदर्शन में जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और नागरिकों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
संवाददाता : संजय चव्हाण

No Previous Comments found.