“जनता की आवाज़, प्रशासन का जवाब : पुरंदर में आयोजित होगा लोकतंत्र दिवस”

पुणे : पुरंदर तालुका के नागरिकों को उनके शासकीय कार्यों से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु तहसील प्रशासन की ओर से “लोकतंत्र दिवस” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सोमवार, दिनांक 18 मई 2026 को सुबह 11 बजे तहसील कार्यालय परिसर में आयोजित होगा।

इस अवसर पर पुरंदर के तहसीलदार श्री विक्रम राजपूत स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। साथ ही तालुका के विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि जिन लोगों के शासकीय कार्य लंबित हैं, आवेदन देने के बावजूद कार्यवाही नहीं हो रही है अथवा कार्यालयीन विलंब के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वे लोकतंत्र दिवस का लाभ अवश्य लें।
न्यायालय में लंबित प्रकरणों को छोड़कर अन्य सभी व्यक्तिगत शासकीय समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे प्रशासन के समक्ष रखने की सुविधा इस उपक्रम के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। लोकतंत्र दिवस में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही कर 30 दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया लागू की जाती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोकतंत्र दिवस नागरिकों को शासन-प्रशासन से सीधे संवाद स्थापित करने तथा अपने अधिकारों के प्रति जवाब मांगने का प्रभावी मंच प्रदान करता है।
तहसील प्रशासन ने अधिक से अधिक नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित रहकर अपने अधिकारों का लाभ उठाने की अपील की है।

रिपोर्टर : प्रा. संतोष जगताप 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.