मुंढवा में 15 दिनों में तीसरी हत्या, इलाके में दहशत का माहौल
पुणे : पुणे के मुंढवा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पिछले 15 दिनों में हत्या की यह तीसरी घटना सामने आने से नागरिकों में भय का वातावरण है। शनिवार सुबह मुंढवा के जेड कॉर्नर इलाके में एक युवक की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब पौने आठ बजे पुलिस कंट्रोल रूम को जेड कॉर्नर इलाके में एक युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद मुंढवा पुलिस और जांच टीम मौके पर पहुंची। युवक खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
कुछ दिन पहले इसी इलाके में ब्यूटी पार्लर चलाने वाले आफरीन सलीम पठाण (29) की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अपराध शाखा ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। वहीं शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दोस्त द्वारा सिर पर पत्थर मारकर हत्या किए जाने की घटना भी इसी क्षेत्र में हुई थी। इस मामले में लोकेश मानसिंग गोंबे (30) की मौत हुई थी और पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया था।
मुंढवा क्षेत्र में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
रिपोर्टर : यश सोलंकी


No Previous Comments found.