पुणे के बिबवेवाड़ी में आयुर्वेदिक उपचार केंद्र की आड़ में देह व्यापार, दो युवतियां मुक्त, महिला मैनेजर गिरफ्तार

पुणे : बिबवेवाड़ी इलाके में स्थित एक आयुर्वेदिक उपचार केंद्र में इलाज के नाम पर महिलाओं से देह व्यापार करवाए जाने का मामला सामने आया है। अनैतिक मानव तस्करी एवं व्यापार प्रतिबंध शाखा ने छापा मारकर दो युवतियों को मुक्त कराया और वहां की महिला मैनेजर को गिरफ्तार किया।

इस मामले में 30 वर्षीय एक महिला (निवासी – अपर इंदिरानगर, बिबवेवाड़ी) को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ बिबवेवाड़ी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, बिबवेवाड़ी की एक सोसायटी के फ्लैट में “विश्व आयुर्वेदिक उपचार केंद्र” नाम से यह केंद्र चलाया जा रहा था। वहां महिलाओं से देह व्यापार करवाए जाने की सूचना अनैतिक मानव तस्करी एवं व्यापार प्रतिबंध शाखा को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक छगन कापसे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच के लिए एक फर्जी ग्राहक भेजा। ग्राहक द्वारा इशारा मिलते ही पुलिस ने केंद्र पर छापा मारा। वहां से देह व्यापार के लिए लाई गई दो युवतियों को मुक्त कराया गया तथा केंद्र चलाने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त पंकज देशमुख, पुलिस उपायुक्त विवेक मासाळ, सहायक पुलिस आयुक्त विजय कुंभार के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक छगन कापसे, पुलिस उपनिरीक्षक विशाल चव्हाण, पुलिस अमलदार ईश्वर आंधळे, तुषार भिवकर, बबनराव केंदार, अमोल रसाळ और कांडे आदि की टीम ने की।

रिपोर्टर : यश सोलंकी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.