महाराष्ट्र के किसान ने रचा इतिहास : विठ्ठलवाडी के प्रगतिशील किसान रायचंदनाना शिंदे को राज्यस्तरीय बाजरी उत्पादन स्पर्धा में तृतीय पुरस्कार
शिरूर : पुणे जिले के शिरूर तालुका अंतर्गत विठ्ठलवाडी गांव के प्रगतिशील किसान तथा वि. का. सोसायटी के पूर्व चेयरमैन मा. श्री रायचंदनाना बाबुराव शिंदे ने राज्य कृषि विभाग द्वारा वर्ष 2025 में आयोजित राज्यस्तरीय पीक स्पर्धा में बाजरी उत्पादन श्रेणी में शानदार सफलता हासिल करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 30 हजार रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया गया है। यह जानकारी कृषि आयुक्तालय की ओर से जारी की गई है।
मा. श्री शिंदे ने एक हेक्टेयर क्षेत्र में रिकॉर्ड 65.52 क्विंटल उच्च गुणवत्ता वाली बाजरी का उत्पादन लेकर राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी इस सफलता से विठ्ठलवाडी गांव सहित पूरे शिरूर तालुका और पुणे जिले का नाम रोशन हुआ है। कृषि आयुक्तालय ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह की तारीख और स्थान की घोषणा जल्द अलग से की जाएगी।
रायचंदनाना शिंदे केवल एक सफल किसान ही नहीं, बल्कि धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रूप से योगदान देने वाले व्यक्तित्व के रूप में भी जाने जाते हैं। वे नियमित रूप से पंढरपुर वारी में सहभागी होते हैं तथा गांव के विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में उनका निरंतर सहभाग रहता है। मिलनसार, अजातशत्रु और समाजहितैषी व्यक्तित्व के कारण गांव और परिसर में उनका विशेष सम्मान है।
उनकी इस उपलब्धि पर विभिन्न स्तरों से अभिनंदन और शुभकामनाओं की बौछार हो रही है। आधुनिक खेती की पद्धतियों और मेहनत के बल पर उन्होंने पुणे जिले के अनेक किसानों के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस अवसर पर पुणे जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के अध्यक्ष मा. श्री निवृत्तीआण्णा गवारे, पो. पाटील चंद्रकांत भाऊ गवारे तथा महाराष्ट्र राज्य शिक्षक संघ (फेडरेशन) के प्रवक्ता दादासाहेब गवारे सर ने प्रत्यक्ष भेट देकर रायचंदनाना शिंदे का अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्टर : संजय चव्हाण

No Previous Comments found.