वनराज आंदेकर हत्याकांड का बदला लेने की कोशिश,आरोपी के भाई पर गोलीबारी और कोयते से हमला

पुणे : पूर्व नगरसेवक वनराज आंदेकर की हत्या का बदला लेने के लिए आंदेकर गैंग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को वनराज आंदेकर हत्याकांड के आरोपी के भाई पर गोलीबारी कर कोयते से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले में घायल युवक की पहचान अक्षय बापू मरस्के उर्फ बाला (उम्र 26, निवासी स्वामी समर्थ मंदिर के पास, आंबेगांव पठार) के रूप में हुई है। उसका भारती हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। यह घटना बुधवार सुबह बालाजीनगर स्थित संविधान चौक में हुई। अक्षय मरस्के,वनराज आंदेकर हत्याकांड के आरोपी आकाश मरस्के का भाई बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह अक्षय बालाजीनगर इलाके में आया था, तभी दोपहिया वाहन पर सवार चार लोगों ने उस पर तीन राउंड फायरिंग की। इनमें से एक गोली उसे लगी। इसके बाद आरोपियों ने कोयते से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अक्षय को तुरंत नजदीकी भारती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया,जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि वनराज आंदेकर की हत्या का बदला लेने के लिए इससे पहले भी आयुष कोमकर की हत्या की गई थी। इसके बाद एक आरोपी के रिक्शाचालक भाई की भी हत्या हुई थी। यह बदले की कार्रवाई का तीसरा प्रयास माना जा रहा है।

संवादाता - यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.