देवर की रिहाई के बदले महिला से दुष्कर्म की मांग, मना करने पर जेल में सड़ाने की धमकी; आरोपी पर मामला दर्ज
हवेली : देवर को कारागार से मुक्त कराने का प्रलोभन देकर एक महिला से शारीरिक संबंध बनाने की मांग किए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। महिला द्वारा इसका विरोध करने पर उसे धमकाने तथा अपशब्द कहने के आरोप में लोणी कालभोर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इस प्रकरण में 32 वर्षीय महिला की शिकायत के आधार पर कैलास दौलत सावंत (निवासी चव्हाण वस्ती, थेऊर, तहसील हवेली) के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 16 मई की रात्रि महिला अपने घर के पीछे स्थित क्षेत्र में गई थी। उसी दौरान आरोपी उसके सामने आया और कथित रूप से कहा कि, "यदि तुम्हें अपने देवर को कारागार से मुक्त कराना है, तो मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाओ।" इस घटना से भयभीत महिला ने प्रारंभ में इसकी जानकारी किसी को नहीं दी।
इसके पश्चात 20 मई को आरोपी ने पुनः महिला का पीछा किया। वहीं 22 मई की रात्रि आरोपी महिला को एक खेत में ले गया, उसका हाथ पकड़कर दोबारा शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से धमकी दी कि, "यदि मेरी मांग स्वीकार नहीं की, तो तुम्हारे देवर को कारागार में ही सड़ने दूंगा।"
घटना के बाद महिला ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी और साहस जुटाकर लोणी कालभोर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी है।
संवादाता : यश सोलंकी
No Previous Comments found.