वीआईपी रोड चौड़ीकरण और स्थानीय समस्याओं पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

पुणे - विमान नगर प्रस्तावित रामवाड़ी–पुणे एयरपोर्ट कनेक्टिंग मेट्रो लाइन, वीआईपी रोड के सौंदर्यीकरण एवं चौड़ीकरण तथा वार्ड क्रमांक 3 के बर्मा शेल (इंदिरानगर) क्षेत्र के निवासियों की विभिन्न नागरिक समस्याओं की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पुणे के सांसद मुरलीधर मोहोल के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक में पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम,महा मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रवण हार्डिकर, तथा पुणे मनपा के नगरसेवक सुरेंद्र पथारे और ऐश्वर्या सुरेंद्र पथारे उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने रामवाड़ी से पुणे एयरपोर्ट को जोड़ने वाली प्रस्तावित मेट्रो लाइन पर विस्तृत चर्चा की। इस परियोजना से क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होने, यात्रियों को तेज,सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने तथा यातायात जाम में कमी आने की उम्मीद जताई गई। बैठक में वीआईपी रोड के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सड़क अवसंरचना को मजबूत करने, क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने तथा बढ़ते यातायात और तेजी से हो रहे विकास को ध्यान में रखते हुए बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने पर चर्चा की।

इसके अलावा, वार्ड क्रमांक 3 के बर्मा शेल (इंदिरानगर) क्षेत्र के निवासियों की विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। चर्चा में आवास संबंधी मुद्दे, नागरिक सुविधाएं, बुनियादी ढांचे की कमियां तथा स्थानीय नागरिकों द्वारा उठाई गई अन्य मांगें शामिल रहीं। अधिकारियों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का सकारात्मक आश्वासन दिया। नगरसेविका ऐश्वर्या सुरेंद्र पथारे ने कहा कि यह बैठक प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की चिंताओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मेट्रो कनेक्टिविटी,वीआईपी रोड में सुधार और नागरिक समस्याओं के समाधान से क्षेत्र के नियोजित विकास को महत्वपूर्ण बल मिलेगा।

नगरसेवक सुरेंद्र पथारे ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाता रहेगा तथा ऐसे परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी,जो नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाएं।

संवादाता - यश सोलंकी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.