कुंडली में मिले थे 27 गुण, फिर भी रिश्ते ने लिया दर्दनाक मोड़
पुणे : केतन अग्रवाल हत्याकांड में नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सिया गोयल और केतन अग्रवाल का रिश्ता तय करने से पहले दोनों परिवारों ने उनकी कुंडलियों का मिलान कराया था। कुंडली मिलान में 36 में से 27 गुण मिलने की बात सामने आई थी। इसके आधार पर ज्योतिषियों ने इस रिश्ते को शुभ बताते हुए विवाह के सफल होने की संभावना जताई थी।
जनवरी 2026 में सिया और केतन के रिश्ते को आगे बढ़ाने से पहले दोनों परिवारों ने परिचित ज्योतिषी से उनकी पत्रिकाओं की जांच कराई थी। उस समय 36 में से 27 गुण मिलने की जानकारी दी गई थी। विवाह के लिए इतने गुणों को शुभ माना जाता है, इसलिए दोनों परिवारों ने यह रिश्ता तय कर दिया। बताया गया कि कुंडली के अनुसार केतन का ‘देव गण’ और सिया का ‘मनुष्य गण’ था। ज्योतिषियों ने इस मेल को सकारात्मक बताते हुए दावा किया था कि दोनों की जोड़ी आदर्श साबित हो सकती है और उनका वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा।
इसके बाद फरवरी महीने में पुणे के एक होटल में दोनों की सगाई धूमधाम से संपन्न हुई। शुरुआती दौर में दोनों परिवारों के बीच सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था और शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। जानकारी के मुताबिक,नवंबर 2026 में विवाह की योजना बनाई गई थी। हालांकि,सगाई के कुछ समय बाद परिस्थितियां बदलने लगीं। सूत्रों के अनुसार,सगाई के लगभग दो महीने बाद सिया ने यह रिश्ता स्वीकार न करने की इच्छा जताई। इसके बाद चेतन चौधरी के दोबारा उसके जीवन में आने से हालात बदल गए और इसी दौरान हत्या की साजिश रचे जाने के आरोप सामने आए। फिलहाल, इस मामले से जुड़े कई दावे और आरोप अभी जांच के दायरे में हैं। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है और अधिकृत निष्कर्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
संवादाता - यश सोलंकी
No Previous Comments found.